पटना/कोरिया, 11 जुलाई 2026। जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पटना पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने शासकीय विद्यालय टेंगनी में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। वहीं, प्रकरण में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस द्वारा क्षेत्र में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शासकीय विद्यालय टेंगनी में हुई चोरी के मामले की गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी द्वारा थाना पटना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 27 जून 2026 की शाम से 30 जून 2026 की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने शासकीय विद्यालय टेंगनी को निशाना बनाया। आरोपियों ने विद्यालय के दो कक्षों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां लगे 08 पंखे तथा 02 नग सिंटेक्स नेट फाइबर केबल चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है।
मामले की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। मुखबिर से प्राप्त सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शासकीय विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से चोरी किया गया सामान तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
कन्हैया सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी टेंगनी पटेलपारा, थाना पटना, जिला कोरिया।
उमान सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी टेंगनी पटेलपारा, थाना पटना, जिला कोरिया।
पुलिस के अनुसार, इस चोरी की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही है।
संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान जारी
थाना पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में चोरी, सेंधमारी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
शासकीय विद्यालय में हुई चोरी के मामले का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी पटना पुलिस की सक्रिय विवेचना एवं त्वरित कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
