📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण: आदिवासी समाज ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की उठाई मांग, पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 10, 20262 min read52 views
पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण: आदिवासी समाज ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की उठाई मांग, पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

बैकुंठपुर (कोरिया)। बैकुंठपुर की आदिवासी समाज की बेटी पूजा पैकरा की आत्महत्या के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक एवं सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक गुलाब कमरो के नेतृत्व में सर्व आदिवासी समाज के जिला पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधियों ने कोरिया कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष कहा कि पूजा पैकरा आत्महत्या प्रकरण अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। मामले में दर्ज एफआईआर के सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूरी की जाए, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा मिल सके।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मामले से जुड़े IC Mart के कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, जिससे परिवार पर किसी प्रकार का दबाव न बन सके।

सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज किसी भी स्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि "आदिवासी बेटी को न्याय मिले और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।" उन्होंने प्रशासन से कानून के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की।

ज्ञापन सौंपने वालों में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कंवर समाज के जिलाध्यक्ष मनियार सिंह, आदिवासी कांग्रेस एमसीबी के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह, बैकुंठपुर जनपद अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा, डॉ. आर.एस. चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक, सुरेश इक्का सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →