📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

राष्ट्रीय साधन सह मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में शासकीय कन्या उमावि की पांच छात्राओं ने लहराया परचम, विद्यालय का बढ़ाया गौरव

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 07, 20262 min read47 views
राष्ट्रीय साधन सह मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में शासकीय कन्या उमावि की पांच छात्राओं ने लहराया परचम, विद्यालय का बढ़ाया गौरव

मनेंद्रगढ़।शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षा विभाग के लिए गर्व का विषय है कि कक्षा आठवीं में अध्ययनरत पांच प्रतिभाशाली छात्राओं ने राष्ट्रीय साधन सह मेधावी छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।

केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा विभाग तथा राज्य साक्षरता मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय साधन सह मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक लगातार चार वर्षों के लिए प्रतिमाह 1,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे वे अपनी शिक्षा बिना आर्थिक बाधाओं के जारी रख सकें।

इस प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यालय की छात्राएं आरती, चांदनी कुर्रे, श्रेया, नाव्य तथा सोनाक्षी ने सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्राओं की मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन ने यह उपलब्धि दिलाई, जिससे विद्यालय का गौरव और बढ़ गया है।

विद्यालय की प्राचार्य अर्चना वैष्णव, प्रधान पाठक गोविंद दास तथा शिक्षक रोहित सिंह ने छात्राओं को निरंतर प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। वहीं परीक्षा प्रभारी टी. विजय गोपाल राव तथा नोडल अधिकारी जशवंत कुमार ने छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा की तैयारी तक विशेष रुचि लेकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।

विद्यालय प्रबंधन ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी इस परीक्षा में भाग लेकर छात्रवृत्ति का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक मेधावी छात्र-छात्राएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर अपनी उच्च शिक्षा का सपना साकार कर सकें।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →