लेदरी/मनेंद्रगढ़।
नगर पंचायत नई लेदरी में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर उपजा असंतोष अब खुलकर सड़कों पर आ गया है। भाजपा किसान मोर्चा (छत्तीसगढ़) के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और वरिष्ठ नेता संतोष द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के खिलाफ "गुंडागर्दी नहीं चलेगी, तानाशाही नहीं चलेगी" के जोरदार नारे लगाते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से आहत
भाजपा नेतृत्व को भेजे शिकायती पत्र में संतोष द्विवेदी ने कहा है कि नगर पंचायत नई लेदरी में वर्षों से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने वाले और हर चुनाव व संघर्ष में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले वरिष्ठ 'देवतुल्य' कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा की गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के अनेक समर्पित कार्यकर्ता बेहद आहत महसूस कर रहे हैं, जिन्होंने अपने जीवन का अमूल्य समय संगठन को मजबूत करने में लगा दिया।
"एल्डरमैन का पद सिर्फ नियुक्ति नहीं, वर्षों के त्याग का सम्मान"
जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए द्विवेदी ने कहा कि नगरीय निकाय में 'एल्डरमैन' जैसे पद केवल साधारण नियुक्तियां नहीं होती हैं, बल्कि ये कार्यकर्ताओं के वर्षों के त्याग, निष्ठा, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट विश्वास का सम्मान होते हैं। अगर ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाता, तो यह पूरे कार्यकर्ता परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बनता, लेकिन जिला अध्यक्ष द्वारा की गई तानाशाही के कारण कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
प्रदेश संगठन से हस्तक्षेप की मांग
पार्टी के भीतर मचे इस घमासान के बीच शिकायती पत्र की प्रतिलिपि जिला प्रभारी (एमसीबी) के साथ-साथ सरगुजा संभाग प्रभारी को भी भेजी गई है। पत्र के अंत में उन्होंने प्रदेश भाजपा संगठन से विनम्र निवेदन किया है कि वे नगर पंचायत नई लेदरी की वास्तविक जमीनी स्थिति और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझें तथा इस संवेदनशील विषय पर गंभीरता से विचार कर जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर सुधारात्मक कदम उठाएं।
