📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

मनेंद्रगढ़ से नागपुर तक सीधी ट्रेन चलाने की उठी मांग, प्रधानमंत्री को भेजा गया प्रस्ताव

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 04, 20263 min read79 views
मनेंद्रगढ़ से नागपुर तक सीधी ट्रेन चलाने की उठी मांग, प्रधानमंत्री को भेजा गया प्रस्ताव

शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस को मनेंद्रगढ़ तक विस्तारित करने की पहल, क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा का रखा गया पक्ष

मनेंद्रगढ़। ब्रिटिश काल से देश की रेल व्यवस्था को ऊर्जा देने वाले ऐतिहासिक मनेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन की उपेक्षा का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से उठाया गया है। वर्ष 1928 से भाप इंजन वाली रेल सेवाओं के लिए कोयले की आपूर्ति करने वाले इस महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन को आज भी बड़े शहरों से सीधी रेल सेवा का इंतजार है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, मध्यप्रदेश के प्रमुख रेल जंक्शन जबलपुर तथा महाराष्ट्र के चिकित्सा हब नागपुर के लिए मनेंद्रगढ़ से अब तक कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है, जिससे क्षेत्रवासियों को वर्षों से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए संबोधन विचार मंच के विभागाध्यक्ष बीरेन्द्र श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री के समस्या एवं सुझाव पोर्टल के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11201/11202) का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक किए जाने की मांग की है।

अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि बौरीडांड से अंबिकापुर तक नई रेल लाइन बनने के बाद मनेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन मुख्य रेल मार्ग से अलग-थलग पड़ गया है। इसका प्रतिकूल प्रभाव इस पूरे कोयलांचल क्षेत्र की रेल सुविधाओं पर पड़ा है। यदि वर्तमान में संचालित शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक कर दिया जाए तो यह क्षेत्र सीधे नागपुर और जबलपुर जैसे महत्वपूर्ण शहरों से जुड़ जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बीरेन्द्र श्रीवास्तव ने अपने प्रस्ताव में बताया है कि वर्तमान में नागपुर से चलकर शहडोल पहुंचने वाली ट्रेन संख्या 11201 रात लगभग 10 बजे शहडोल स्टेशन पर खड़ी हो जाती है। यदि इसी ट्रेन को आगे बढ़ाकर मनेंद्रगढ़ तक संचालित किया जाए तो यह लगभग मध्यरात्रि तक मनेंद्रगढ़ पहुंच सकती है। इसके बाद प्रातः लगभग 3 बजे मनेंद्रगढ़ से पुनः रवाना होकर अपने निर्धारित समय पर सुबह 5 बजे शहडोल पहुंच सकती है। इस व्यवस्था से वर्तमान समय-सारिणी पर भी विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि मनेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की धुलाई, कोचों में पानी भरने, पर्याप्त लंबाई वाले तीन प्लेटफॉर्म, विद्युत एवं यांत्रिक मरम्मत सहित आवश्यक रेलवे अधोसंरचना पहले से उपलब्ध है। ऐसे में ट्रेन के विस्तार के लिए रेलवे को किसी बड़े अतिरिक्त व्यय की आवश्यकता नहीं होगी।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस ट्रेन के संचालन से दूरस्थ वनांचल और कोयलांचल क्षेत्र के लोगों को न केवल नागपुर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों तक सीधी पहुंच मिलेगी, बल्कि जबलपुर जैसे बड़े रेल जंक्शन से भी बेहतर संपर्क स्थापित होगा। इसके अलावा मैकल और महाकौशल की मनमोहक पर्वत श्रृंखलाओं से होकर गुजरने वाली इस रेल यात्रा का लाभ पर्यटन की दृष्टि से भी क्षेत्रवासियों और यात्रियों को मिलेगा।

प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में बीरेन्द्र श्रीवास्तव ने मनेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए लिखा है कि जिस स्टेशन ने देश की रेल व्यवस्था को गति देने के लिए दशकों तक कोयले की आपूर्ति कर राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसे आज भी अपेक्षित रेल सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक कराया जाए, ताकि इस दूरस्थ अंचल को देश के प्रमुख शहरों और रेल नेटवर्क से सीधा जुड़ने का अवसर मिल सके।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →