कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और किसान हित में दिए गए योगदान को किया गया नमन, शॉल-श्रीफल व स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
मनेन्द्रगढ़, 01 जुलाई 2026। कृषि विभाग, जिला एमसीबी द्वारा उप संचालक कृषि कार्यालय के सभाकक्ष में अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लंबे समय तक कृषि एवं किसान हित में दी गई उनकी उत्कृष्ट, समर्पित और अनुकरणीय सेवाओं का सम्मान करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक कृषि, जिला एमसीबी इंद्रासन सिंह पैकरा ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का अंतिम पड़ाव अवश्य है, लेकिन व्यक्ति के उत्कृष्ट कार्य, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण की पहचान हमेशा जीवित रहती है। उन्होंने कहा कि विभाग के विकास और किसानों के हित में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा उनकी कार्यशैली नई पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
समारोह में सहायक संचालक कृषि जयंत पैकरा, अनुविभागीय कृषि अधिकारी धर्मेंद्र कुमार कुर्रे, सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी महेश पैकरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मनेन्द्रगढ़ रवि कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी भरतपुर इन्द्रपाल वास्कले, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खड़गवां नीरज जायसवाल, कृषि विकास अधिकारी जितेन्द्र झा, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीपक कुमार साहू, विकास चौरसिया सहित तीनों विकासखंडों के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गजराज सिंह चौहान (वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड भरतपुर) एवं रामबदन सिंह (कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड मनेन्द्रगढ़) को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभाग की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका अनुभव, सहज व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के संस्मरण साझा करते हुए विभागीय परिवार से मिले सहयोग, आत्मीयता और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
पूरे समारोह के दौरान आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक अपनत्व का वातावरण बना रहा। विदाई के अवसर पर कई क्षण भावुक कर देने वाले रहे। अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
