📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

श्री सिद्ध बाबा सरकार मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न: पूर्व विधायक गुलाब कमरो बोले— आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य प्रतीक है यह मंदिर

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jun 27, 20263 min read74 views
श्री सिद्ध बाबा सरकार मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न: पूर्व विधायक गुलाब कमरो बोले— आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य प्रतीक है यह मंदिर

मनेंद्रगढ़। नगर के ग्राम देवता श्री सिद्ध बाबा सरकार के नवनिर्मित भव्य मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं विविध धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने विधिवत दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी अपने सहयोगियों के साथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्री सिद्ध बाबा सरकार से समस्त क्षेत्रवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ के ग्राम देवता के इस दिव्य मंदिर के निर्माण में सहभागी बनना उनके जीवन का अत्यंत सौभाग्यपूर्ण क्षण है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में बाबा की असीम कृपा से उन्हें इस पावन कार्य का शुभारंभ करने का अवसर प्राप्त हुआ था। बाबा के आशीर्वाद एवं जनसहयोग से मंदिर निर्माण का कार्य निरंतर आगे बढ़ता रहा और आज यह भव्य मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक एवं पावन आयोजन का साक्षी बना है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और एकता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग, दानदाताओं, सेवा समिति के पदाधिकारियों तथा क्षेत्रवासियों ने जिस निष्ठा, समर्पण और सहयोग की भावना का परिचय दिया है, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने श्री सिद्ध बाबा सेवा समिति के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय मनोज कक्कड़ को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण का उनका सपना आज साकार हुआ है। साथ ही वर्तमान अध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव विकास श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अज्जू अग्रवाल, चंद्रकांत चावड़ा, कल्लू कक्कड़, अजय जायसवाल, नरोत्तम शर्मा, नितिन गुप्ता, अमित पोद्दार, आशीष कक्कड़, विनीत जायसवाल, विमलेश अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, संदीप पुरी, हेमराज, श्रीकांत पांडे (पंडित जी) सहित सभी समिति सदस्यों, दानदाताओं एवं सहयोगियों के योगदान की सराहना की।

गुलाब कमरो ने यह भी कहा कि मंदिर निर्माण के प्रारंभिक चरण में ग्राम पंचायत चनवारीडांड का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तत्कालीन पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग के बिना इस महत्त्वपूर्ण धार्मिक परियोजना की शुरुआत संभव नहीं हो पाती। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा की कृपा और जनसहयोग के कारण आज यह भव्य धार्मिक धरोहर क्षेत्रवासियों को समर्पित हो सकी है।

उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि श्री सिद्ध बाबा सरकार की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे तथा पूरा क्षेत्र सुख, शांति, समृद्धि और विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर होता रहे।

महोत्सव के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना एवं दर्शन के उपरांत भोग-भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में सामाजिक सद्भाव, धार्मिक आस्था और जनसहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने इस प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को क्षेत्र की एक अविस्मरणीय धार्मिक घटना बना दिया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →