कोरिया, 28 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बचरापोंड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 8 लीटर 820 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की बाजारू कीमत 8,570 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, पुलिस अधीक्षक कोरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में थाना क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थ, नशीली दवाइयों और अन्य अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर कमरे में दबिश
इसी अभियान के तहत 28 अगस्त 2026 को बचरापोंड़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस चौकी बचरापोंड़ी की टीम ने ग्राम चिरमी केंवटाडांड़ निवासी विनय कुमार उर्फ छोटू (35 वर्ष), पिता झुनसाय, जाति गोंड के कमरे की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान राजश्री गुटखा के झोले और एक सफेद प्लास्टिक के झोले में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब की पहचान एवं गणना कराते हुए उसे विधिवत जब्त किया।
इन ब्रांड की शराब हुई बरामद
गोवा व्हिस्की फॉर सेल ओनली मध्य प्रदेश 180 एमएल की 27 पाव, कुल 4.860 लीटर, कीमत 4,050 रुपये।
बैगपाइपर व्हिस्की फॉर सेल ओनली मध्य प्रदेश 180 एमएल की 13 पाव, कुल 2.340 लीटर, कीमत 2,600 रुपये।
आइोनिक व्हाइट व्हिस्की फॉर सेल ओनली मध्य प्रदेश 180 एमएल की 6 पाव, कुल 1.080 लीटर, कीमत 1,320 रुपये।

8 पीएम स्पेशल व्हिस्की फॉर सेल ओनली मध्य प्रदेश 180 एमएल की 3 पाव, कुल 540 एमएल, कीमत 600 रुपये।
इस प्रकार पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 8 लीटर 820 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल बाजारू कीमत 8,570 रुपये है, जब्त की।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बरामद अवैध शराब के संबंध में आरोपी विनय कुमार उर्फ छोटू के विरुद्ध धारा 34(2), 36 एवं 49 आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अवैध कारोबारियों को पुलिस की दो टूक चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक लवांग सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, आरक्षक रोशन एक्का, आरक्षक बालकृष्ण एवं चालक आरक्षक सूरज यादव का सराहनीय योगदान रहा।
