📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

नन्हे कदमों में देशप्रेम का जज़्बा, अलास्का पब्लिक स्कूल ने 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 15, 20263 min read60 views
नन्हे कदमों में देशप्रेम का जज़्बा, अलास्का पब्लिक स्कूल ने  80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया (1/2)
1 / 2

मनेंद्रगढ़। स्थानीय अलास्का पब्लिक स्कूल में देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ का समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में तिरंगे के रंगों और देशभक्ति की भावना का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया।

समारोह का शुभारंभ स्कूल के संचालक मो. फिरोज मंसूरी एवं रुहीन मंसूरी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात दोनों संचालकों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

राष्ट्रगान के उपरांत मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी एवं कुशल संचालन विद्यालय की कोऑर्डिनेटर ऋचा अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर स्कूल संचालक मो. फिरोज मंसूरी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया तथा विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अनुशासन, ईमानदारी, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के पालन के माध्यम से भी राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह का सबसे आकर्षक एवं मनमोहक पक्ष कक्षा पहली, दूसरी और तीसरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। तिरंगे के रंगों से सजे बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की मासूमियत, सधे हुए कदम, आकर्षक भाव-भंगिमाएं और शानदार तालमेल ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों ने जोरदार तालियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों ने देशभक्ति समूह गान प्रस्तुत कर विद्यालय परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से गुंजायमान कर दिया। समूह गान में विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति और सुर-ताल का शानदार समन्वय देखने को मिला।

भाषण और संगीत प्रस्तुति ने जीता दिल

कक्षा पांचवीं की छात्राओं कनिष्का राय एवं प्रीतिका रजक ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, देश की आजादी के महत्व और युवा पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा पहली की छात्रा शुभांशी अग्रवाल की संगीत प्रस्तुति रही। उन्होंने कैशियो पर मधुर धुन के साथ ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छोटी सी उम्र में उनकी आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और खूब सराहना बटोरी।

विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया और स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय समापन हुआ।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय पर्व विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कारों की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के संचालकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के सामूहिक प्रयासों से स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के लिए एक यादगार अवसर बन गया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →