शादी का झांसा देकर 8 साल तक करता रहा दैहिक शोषण, डेढ़ माह से फरार आरोपी जांजगीर से गिरफ्तार; जेल भेजा गया

कोरिया पुलिस की विशेष टीम ने शिवरीनारायण में दी दबिश, महिला संबंधी अपराध के मामले में आरोपी के खिलाफ BNS और SC/ST एक्ट के तहत दर्ज था अपराध

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: बैकुंठपुर

2 min read15 views
शादी का झांसा देकर 8 साल तक करता रहा दैहिक शोषण, डेढ़ माह से फरार आरोपी जांजगीर से गिरफ्तार; जेल भेजा गया

बैकुंठपुर (कोरिया)। शादी का झांसा देकर एक महिला का करीब आठ वर्षों तक कथित रूप से दैहिक शोषण करने के मामले में कोरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को जांजगीर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से करीब डेढ़ माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना अजाक (कोरिया) में अपराध क्रमांक 12/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी अरुण कुमार साहू शादी करने का झांसा देकर पिछले आठ वर्षों से उसका दैहिक शोषण कर रहा था। आरोप है कि आरोपी ने 14 सितंबर 2026 को अंतिम बार घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।

डीएसपी के नेतृत्व में गठित की गई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरिश राठौर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में डीएसपी नेलशन कुजूर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में प्रधान आरक्षक शिव कुमार मिंज, आरक्षक भानु प्रताप एवं चालक आरक्षक अनुज बखला शामिल थे।

पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए जांजगीर जिले के शिवरीनारायण में दबिश दी और 29 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

नाम: अरुण कुमार साहू

उम्र: 45 वर्ष

पिता: बुल्लू राम साद

निवासी: ग्राम खोरसी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कोरिया पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: बैकुंठपुर

सभी लेख देखें →