📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत
ब्रेकिंग न्यूज़अन्य

जनदर्शन में गुहार के दो हफ्ते बाद भी सुनवाई अधूरी, 8 परिवारों का रास्ता बंद; पोर्टल पर स्टेटस दिखा रहा 'अपूर्ण'

​प्रशासनिक उपेक्षा: मनेंद्रगढ़ के चनवारीडांड में खूंटा गाड़कर मुख्य मार्ग घेरे जाने का मामला, स्थल निरीक्षण की मांग लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे थे ग्रामीण

रिपोर्टर: अमित श्रीवास्तव

लोकेशन: मनेन्द्रगढ़

Aug 10, 20262 min read208 views
जनदर्शन में गुहार के दो हफ्ते बाद भी सुनवाई अधूरी, 8 परिवारों का रास्ता बंद; पोर्टल पर स्टेटस दिखा रहा 'अपूर्ण'

​मनेंद्रगढ़ 10 अगस्त ।

जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के चनवारीडांड वार्ड नं. 01 स्कूलपारा में आम रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत को दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पीड़ितों को कोई प्रशासनिक राहत नहीं मिल सकी है। जनदर्शन पोर्टल पर भी इस आवेदन की स्थिति लगातार 'अपूर्ण' दिखाई दे रही है, जिससे परेशान ग्रामीणों का गुस्सा और निराशा बढ़ती जा रही है।

​क्या है पूरा मामला।

​21 जुलाई 2026 को वार्ड नंबर 01 स्कूलपारा निवासी सीताराम यादव पिता-दद्दी यादव, उम्र 65 वर्ष ने अन्य निवासियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनदर्शन में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था।

​आवेदन में आरोप लगाया गया है कि:

​उनके घर के सामने स्थित भूमि पर पड़ोसी रामनरेश पटेल द्वारा खूंटा गाड़कर घेराबंदी फेंसिंग की जा रही है।

​इस घेराबंदी के कारण सीताराम यादव और उनके परिवार के साथ-साथ पास में रहने वाले 7 से 8 अन्य परिवारों का आने-जाने का एकमात्र निस्तार रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है।

​प्रभावित परिवारों में सीताराम यादव के अलावा लक्ष्मणी, बबली, श्याम बाई, विक्रम, रहमान अली, और आकाश जैसे स्थानीय निवासी शामिल हैं, जिन्होंने सामूहिक रूप से आवेदन पर अपने हस्ताक्षर कर रास्ता खुलवाने की मांग की थी।

​पोर्टल पर 'अपूर्ण' स्टेटस, जमीनी कार्रवाई नदारद

​शिकायत दर्ज होने के समय अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो हफ्ते बीत जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। पीड़ित सीताराम यादव का कहना है कि वे बीते 70 वर्षों से अपने परिवार के साथ यहां निवास कर रहे हैं। रास्ता बंद हो जाने से दैनिक कार्यों, आपातकालीन आवाजाही और बच्चों के स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

​ऑनलाइन स्टेटस पोर्टल पर आवेदन 'अपूर्ण' दिखना यह स्पष्ट करता है कि संबंधित विभाग या राजस्व अधिकारियों ने अब तक मौके पर जाकर स्थल निरीक्षण तक नहीं किया है।

​ग्रामीणों की मांग

​पीड़ित निवासियों ने जिला प्रशासन व संबंधित राजस्व अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण किया जाए और मनमाने ढंग से बंद किए गए निस्तार रास्ते को मुक्त कराकर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: अमित श्रीवास्तव

लोकेशन: मनेन्द्रगढ़

सभी लेख देखें →