📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत
ब्रेकिंग न्यूज़अपराध

चरचा पुलिस की मुस्तैदी: 8 वर्षीय मासूम बच्ची को अपहरणकर्ता के चंगुल से सकुशल छुड़ाया, आरोपी की तलाश जारी

रिपोर्टर: अमित श्रीवास्तव

लोकेशन: —

Jul 06, 20262 min read180 views
चरचा पुलिस की मुस्तैदी: 8 वर्षीय मासूम बच्ची को अपहरणकर्ता के चंगुल से सकुशल छुड़ाया, आरोपी की तलाश जारी

कोरिया (छत्तीसगढ़): चरचा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया है। पुलिस की तत्परता और भारी दबाव के चलते अपहरणकर्ता अगवा की गई 8 वर्षीय मासूम बालिका को बीच रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

रात के अंधेरे में घर में घुसा था बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, चरचा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 55 वर्षीय महिला अपनी 8 साल की नातिन के साथ कमरे में सोई हुई थी। रात करीब 2:00 बजे एक अज्ञात आरोपी जबरन दरवाजा खोलकर कमरे में घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ मारपीट और अश्लील हरकत की। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने शोर मचाने पर बच्ची के साथ गलत काम करने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मासूम बच्ची का मुंह दबाकर उसे जबरन उठाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गया।

पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर बच्ची को छुड़ाया

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक अमित त्रिपाठी और आरक्षक प्रेमलाल साहू के साथ डायल 112 की टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने रात में ही घटना स्थल के आसपास के इलाकों में सघन पेट्रोलिंग और घेराबंदी शुरू कर दी।

​पुलिस के बढ़ते भारी दबाव को देखकर अज्ञात आरोपी सहम गया और बच्ची को किसी गंभीर वारदात का अंजाम दिए बिना सुरक्षित छोड़कर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने अपहृत बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है।

पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 62, 137(2), 75, 76, 74, 331(6) और 8, 11 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुर्रे ने स्वयं घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस टीम को आरोपी का सुराग लगाकर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: अमित श्रीवास्तव

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →