एमसीबी/खड़गवां, 04 अगस्त 2026।
जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी के एक मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 2 भैंस एवं 1 भैंसी बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन (क्रमांक MP-65-GA-2731) भी जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मंगौरा, पतेरापारा निवासी जगदीश सिंह (50 वर्ष) ने थाना खड़गवां में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त 2026 की रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात चोर उसके घर से 1 भैंसी एवं 2 भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपये है, चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना खड़गवां में अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी रवि कुमार कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर बेलकामार-मंगौरा के जंगल से चोरी गए सभी मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी क्षतिग्रस्त अवस्था में जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अर्जुन सिंह राठौर (30 वर्ष), निवासी खालबहरा, थाना जतहरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
दिलीप सिंह (25 वर्ष), निवासी मेंड्रा घोटरीपारा, थाना झगराखांड, जिला एमसीबी
राम कुमार (31 वर्ष), निवासी दक्षिणपारा देवाड़ाड़, थाना खड़गवां, जिला एमसीबी
दल प्रताप (25 वर्ष), निवासी लालपुर पटेलपारा, थाना खड़गवां, जिला एमसीबी
पुलिस ने 4 अगस्त 2026 को चारों
आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील तिवारी, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र मिश्रा, सुरेश गौड़, विश्वनाथ सिंह, आरक्षक शाहिद परवेज तथा सैनिक विनय श्याम की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर इसी तरह सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
