📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

पुलिस को मिली सफलता: उड़ीसा का गांजा तस्कर गिरफ्तार, 6.355 किलो गांजा व मोबाइल सहित ₹75 हजार से अधिक की सामग्री जब्त

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 04, 20263 min read12 views
पुलिस को मिली सफलता: उड़ीसा का गांजा तस्कर गिरफ्तार, 6.355 किलो गांजा व मोबाइल सहित ₹75 हजार से अधिक की सामग्री जब्त

अनूपपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा निवासी एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 किलो 355 ग्राम अवैध गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 75 हजार 300 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर छुलहा रेलवे स्टेशन के रास्ते अनूपपुर बस्ती की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर छुलहा रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी की।

दबिश के दौरान अनूपपुर-छुलहा मार्ग पर निर्माणाधीन एक सुनसान भवन के पास संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसके ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर छह अलग-अलग पैकेटों में रखा 6 किलो 355 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार 300 रुपये बताई गई। इसके अलावा आरोपी के पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मदन महानंदिया (33 वर्ष) पिता केदार महानंदिया, निवासी ग्राम बीजापदर, पोस्ट ब्रम्हनीपाली, थाना बौध, जिला बौध (उड़ीसा) बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 451/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा की खेप कहां से लेकर आया था, इसका गंतव्य क्या था तथा जिले में किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जानी थी। मामले से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में उप निरीक्षक कोमल अरजरिया, प्रधान आरक्षक शेख रशीद, नितिन नामदेव, राजेश कंवर, प्रकाश तिवारी, चालक खेमराज तथा आरक्षक अब्दुल कलीम और अनूप पुषाम सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तस्करों में हड़कंप का माहौल है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →