नीले बैग में गांजा लेकर पहुंचा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा, 62 हजार का मादक पदार्थ जब्त

रामनगर पुलिस की घेराबंदी में पकड़ा गया आरोपी, 1 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

2 min read4 views
नीले बैग में गांजा लेकर पहुंचा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा, 62 हजार का मादक पदार्थ जब्त

रामनगर (अनूपपुर)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा लेकर जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी नीले रंग के बैग में गांजा लेकर फूलसाय दफाई, पौराधार की ओर पहुंचा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को थाना रामनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति नीले रंग के बैग में अवैध गांजा लेकर फूलसाय दफाई, पौराधार की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और स्वतंत्र साक्षियों को साथ लेकर विसर्जन कुंड के पास घेराबंदी की।

कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।

बैग की तलाशी में मिला 1.260 किलो गांजा

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम होरीदास चौधरी, पिता स्व. बरनू चौधरी, निवासी ग्राम छलकाटोला, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर बताया। उसके पास मौजूद नीले रंग के बैग की विधिवत तलाशी लेने पर सफेद पॉलीथिन में रखा गांजा बरामद हुआ।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 1 किलो 260 ग्राम पाया गया। पुलिस ने करीब 62 हजार रुपये कीमत के गांजे को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज

मामले में थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सउनि रामप्रसाद प्रजापति, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, राहुल प्रजापति, सनत द्विवेदी, सीमा तिवारी तथा आरक्षक अनुराग सिंह एवं अनुराग भार्गव सहित थाना रामनगर के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →