पोड़ी/चिरमिरी। थाना पोड़ी अंतर्गत पुलिस चौकी नागपुर क्षेत्र के ग्राम उजियारपुर में लावारिस हालत में मिली गांजे से भरी दो स्विफ्ट कारों के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को जशपुर और एक आरोपी को ओडिशा के राउरकेला से गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 की रात गश्त के दौरान ग्राम उजियारपुर में दो संदिग्ध स्विफ्ट कारें लावारिस हालत में मिली थीं। पुलिस ने जब दोनों वाहनों की तलाशी ली तो भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार क्रमांक ओआर-15 आर 8100 से 305 पैकेट में कुल 305 किलो गांजा, जबकि कार क्रमांक सीजी-04 एनसी 1803 से 260 पैकेट में 260 किलो गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों से कुल 565 किलो गांजा जब्त किया गया था।
मामले में थाना पोड़ी में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 2(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तस्करी से जुड़े आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 अगस्त 2026 को मो. समीर और सच्चिन्द्र राउत को जशपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी देव आशीष को 11 सितंबर 2026 को राउरकेला, ओडिशा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी देव आशीष की भूमिका गांजा लोड स्विफ्ट कार को रास्ते में विलय करने के उद्देश्य से भेजने में सामने आई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डिजायर कार क्रमांक ओडी-15 एएफ-1645 भी जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है और तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में पूर्व थाना प्रभारी पोड़ी ओमप्रकाश दुबे, नवीन थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, पुलिस चौकी नागपुर प्रभारी सहायक उप निरीक्षक शेषनारायण सिंह सहित मुमताज खान, ललित यादव, सुरेश गौड़, प्रमोद सौतिया एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
