📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का चिरमिरी में शुभारंभ, जिले के 542 बूथों पर बच्चों को पिलाई जा रही जीवनरक्षक ‘दो बूंद’

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का चिरमिरी में शुभारंभ, जिले के 542 बूथों पर बच्चों को पिलाई जा रही जीवनरक्षक ‘दो बूंद’

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jun 28, 20263 min read63 views
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का चिरमिरी में शुभारंभ, जिले के 542 बूथों पर बच्चों को पिलाई जा रही जीवनरक्षक ‘दो बूंद’

एमसीबी/चिरमिरी।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को चिरमिरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। अभियान की शुरुआत जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक "दो बूंद" पिलाकर की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने अभिभावकों से अपने सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील करते हुए इसे बच्चों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में चिरमिरी नगर पालिक निगम के महापौर राम नरेश राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र राय, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. मनीष सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय तथा बीपीएम राजकुमार रजवाड़े विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में पार्षद मनीष खटिक, नरेंद्र साहू, रीत जैन तथा अस्पताल प्रबंधक वीरेंद्र साव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने सहभागिता निभाई। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम का उत्साहवर्धन किया।

"जिले में 542 बूथों पर चल रहा है अभियान"

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुल 542 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। पहले दिन निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है, जबकि अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को खुराक देंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

पोलियो मुक्त भारत बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी : डॉ. अविनाश खरे

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य जिले के शून्य से पांच वर्ष तक के शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचना है। इसके लिए 542 बूथों के माध्यम से हर गांव और मोहल्ले को कवर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा पहले दिन दवा पीने से छूट जाता है तो अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।

"महापौर ने अभिभावकों से की सहयोग की अपील"

महापौर राम नरेश राय ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर एवं दिव्यांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर लेकर जाएं और उन्हें जीवनरक्षक "दो बूंद" अवश्य पिलवाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने अभियान को सफल बनाने और प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →