मनेंद्रगढ़, 26 जून: मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित 220 बिस्तर वाले सरकारी चिकित्सालय में इन दिनों मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल की सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को यहाँ समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज, दवाइयां और जांच सुविधाएं मिल रही हैं। डॉक्टरों की संवेदनशीलता और नर्सिंग, लैब व वार्ड स्टाफ की सक्रिय कार्यशैली के कारण अब लोग निजी अस्पतालों की बजाय इस सरकारी अस्पताल को प्राथमिकता दे रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सेवाओं की यही गुणवत्ता बरकरार रही तो यह अस्पताल जल्द ही पूरे संभाग में अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेगा।
