एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग और आकांक्षा से जुड़ी हुई थी। इस दिशा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के सतत प्रयासों तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में ठोस पहल की गई थी।
कमरो ने कहा कि बजट सत्र 2023-24 में मनेन्द्रगढ़ सहित गीदम, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में चार नए मेडिकल कॉलेजों के लिए बजटीय प्रावधान किया गया था। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए भी लगभग 200 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए गए थे। अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलना इस परियोजना के धरातल पर साकार होने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पूर्व विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से एमसीबी जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूरस्थ महानगरों और अन्य राज्यों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र के नजदीक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए नए द्वार खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना का लाभ केवल चिकित्सा शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी व्यापक मजबूती मिलेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा गंभीर बीमारियों के उपचार की बेहतर व्यवस्था विकसित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे एमसीबी जिले के साथ-साथ कोरिया और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
गुलाब कमरो ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से क्षेत्र में रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े नए अवसर पैदा होंगे तथा मनेन्द्रगढ़ स्वास्थ्य और शिक्षा के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित कर सकेगा।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री तथा कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में सभी स्तरों पर सकारात्मक सहयोग आवश्यक है और मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली स्वीकृति पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने विश्वास जताया कि मेडिकल कॉलेज का सुचारु संचालन शुरू होने के बाद एमसीबी जिले के शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को संवारने के साथ-साथ क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी।
