📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

चिरमिरी जिला अस्पताल को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, 5 बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट और 30 बिस्तर वार्ड का हुआ लोकार्पण

चिरमिरी जिला अस्पताल को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, 5 बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट और 30 बिस्तर वार्ड का हुआ लोकार्पण

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jun 28, 20264 min read64 views
चिरमिरी जिला अस्पताल को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, 5 बिस्तरीय डायलिसिस यूनिट और 30 बिस्तर वार्ड का हुआ लोकार्पण

एमसीबी/चिरमिरी। जिला अस्पताल चिरमिरी में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने रविवार को जिला अस्पताल में अत्याधुनिक 5 बिस्तरीय डायलिसिस इकाई तथा अस्पताल के प्रथम तल पर निर्मित 30 बिस्तरों वाले नवीन वार्ड का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब डायलिसिस जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक, सप्ताह के सभी सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इससे गंभीर किडनी रोगियों को समय पर उपचार मिलने के साथ आर्थिक एवं मानसिक राहत भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से लगातार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला अस्पताल में शीघ्र ही लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन मशीन, अटल आरोग्य लैब तथा तीन अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की सुविधाएं भी प्रारंभ की जाएंगी। साथ ही चिकित्सकों के लिए 30 आवासीय क्षमता वाली 9 ब्लॉक की आधुनिक डॉक्टर कॉलोनी का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिसका लोकार्पण अगले वर्ष जून तक किए जाने का लक्ष्य है।

स्वास्थ्य मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय दीपक पटेल की डायलिसिस सुविधा के अभाव में हुई असमय मृत्यु ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया था। उसी समय उन्होंने संकल्प लिया था कि चिरमिरी में डायलिसिस की सुविधा हर हाल में शुरू कराई जाएगी। आज यह संकल्प साकार हुआ है, जिससे हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने जिला अस्पताल में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि कुछ वर्ष पूर्व अस्पताल में केवल 4 चिकित्सक, 7 नर्सें और 20 से भी कम कर्मचारी कार्यरत थे, जबकि वर्तमान में 12 विशेषज्ञ चिकित्सक, 75 नर्सें तथा लगभग 140 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 35 मरीजों की ओपीडी होती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 350 मरीज प्रतिदिन तक पहुंच गई है। इसी प्रकार भर्ती मरीजों की संख्या भी 10 से बढ़कर प्रतिदिन 65 से 70 तक पहुंच गई है, जो स्वास्थ्य सेवाओं में आए व्यापक सुधार का प्रमाण है।

भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चिरमिरी में 100 सीटों वाला नर्सिंग कॉलेज, 100 बिस्तरों का मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल तथा अन्य आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्रीय विकास के लिए भूकभूकी रोड का डबल लेन निर्माण, पौड़ी-गेल्हापानी बाईपास तथा नई रेल परियोजना के अंतर्गत चिरमिरी एवं पाराडोल में रेलवे स्टेशन तथा मनेंद्रगढ़ में रेल स्टॉपेज जैसी योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।

"महापौर ने जताया आभार"

महापौर राम नरेश राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के सतत प्रयासों से चिरमिरी को यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पहले डायलिसिस के लिए मरीजों एवं उनके परिजनों को दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय, धन और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता था। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर निःशुल्क उपलब्ध होने से आम नागरिकों को बड़ा लाभ मिलेगा।

"अस्पताल अधीक्षक ने बताईं आगामी योजनाएं"

जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय ने बताया कि अस्पताल में अटल आरोग्य लैब, सीटी स्कैन सुविधा तथा आगामी दो माह के भीतर आधुनिक ऑपरेशन थिएटर प्रारंभ करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद मरीजों को अधिकांश जांच एवं उपचार जिला अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेंगे।

"ये रहे उपस्थित"

कार्यक्रम में महापौर राम नरेश राय, पूर्व महापौर डमरू बेहरा, सभापति संतोष सिंह, मनीष खटीक, राजकुमार बाधवान, रामौतार, प्रदीप सलूजा, नरेंद्र साहू, राजू नायक, बबलू शर्मा, बीएमओ खड़गवां डॉ. मनीष सिंह, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ के सीएस डॉ. स्वप्निल तिवारी, श्रीपत राय, काकू अरोरा, एल्डरमैन, महिला विंग की पदाधिकारी, अभय जायसवाल, पार्षद बाबी, पार्षद पूजा, पार्षद गंगा साहू, संजय जैन, जीवनदीप समिति के सदस्य ओमप्रकाश अग्रवाल, प्रतिमा बड़ात्या, एमआईसी सदस्य, सजल भट्टाचार्य, डॉ. गौतम विश्वास, पार्षद देवकरण सिंह, अरविंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →