गांव-गांव पहुंचेगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, 5 सितंबर से एमसीबी में ‘सेवा संकल्प अभियान’

खड़गवां से स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ; 16 सितंबर तक मिलेंगी नि:शुल्क जांच, दवा और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधाएं

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Sep 04, 20264 min read47 views
गांव-गांव पहुंचेगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, 5 सितंबर से एमसीबी में ‘सेवा संकल्प अभियान’

एमसीबी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान-2026’ का शुभारंभ 5 सितंबर से होने जा रहा है। अभियान के तहत 5 से 16 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल खड़गवां में आयोजित होने वाले मेगा स्वास्थ्य शिविर से अभियान का आगाज करेंगे।

अभियान की थीम ‘हर गांव–हर घर–हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं’ रखी गई है। शिविरों में लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां, विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।

बीमारी का इलाज ही नहीं, समय पर पहचान भी अभियान का लक्ष्य

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल मरीजों का उपचार करना नहीं, बल्कि गंभीर एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की समय रहते पहचान, जांच और उचित उपचार से जोड़ना भी है। शिविरों में बीपी, मधुमेह, कैंसर, सिकल सेल, मलेरिया सहित विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान रहेगा। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात सेवाएं तथा बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाओं के साथ फिजियोथेरेपी और पुनर्वास संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

इसके अलावा रक्त, मलेरिया, सिकल सेल, एचआईवी/वायरल मार्कर सहित आवश्यक जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाने के साथ आगे के उपचार के लिए उपयुक्त स्वास्थ्य संस्था तक पहुंचाने की व्यवस्था भी रहेगी।

आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी भी बनेंगी

स्वास्थ्य शिविरों में पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी बनाने का कार्य भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है।

5 सितंबर को खड़गवां में पहला मेगा स्वास्थ्य शिविर

अभियान का पहला विशेष स्वास्थ्य शिविर 5 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम सुबह 10 बजे शिविर में मौजूद रहेगी।

जिला स्वास्थ्य विभाग ने शिविर के लिए आवश्यक जांच उपकरण, दवाइयां एवं अन्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित चिकित्सा अधिकारी को शिविर का प्रभारी बनाया गया है।

एक ही छत के नीचे मिलेंगे कई विशेषज्ञ

शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात की गई है। इनमें—

डॉ. उषा प्रेमा लकड़ा — शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ

डॉ. राजेन्द्र बंसोरिया — अस्थि रोग विशेषज्ञ

डॉ. अभिषेक तिवारी — शिशु रोग विशेषज्ञ

डॉ. अभिषेक मयंक — नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ

डॉ. सीमा देशमुख — स्त्री रोग विशेषज्ञ

डॉ. अनुराग तिवारी — मेडिसिन विशेषज्ञ

डॉ. अमित मिर्चे — नेत्र रोग विशेषज्ञ

डॉ. राहुल मेहता — चर्म रोग विशेषज्ञ

डॉ. लाकेश्वर सिंह — चिकित्सा अधिकारी

डॉ. चंद्रभान — चिकित्सा अधिकारी

डॉ. प्रियंका — चिकित्सा अधिकारी

डॉ. शाहिद — चिकित्सा अधिकारी

डॉ. अनिमेष विश्वास — दंत चिकित्सक

सहाना परवीन — फिजियोथेरेपिस्ट

श्री रामकरण साहू — नेत्र सहायक अधिकारी शामिल रहेंगे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को एक ही शिविर में जांच और उपचार संबंधी उचित सलाह मिल सकेगी।

स्वास्थ्य सुविधाएं गांवों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : श्याम बिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सुविधाएं केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं शिविरों के माध्यम से लोगों के करीब पहुंचने से समय पर जांच और उपचार संभव होगा तथा गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान करने में मदद मिलेगी।

सीएमएचओ ने जिलेवासियों से की शिविरों का लाभ लेने की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने जिलेवासियों से अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 5 से 16 सितंबर तक आयोजित होने वाले विशेष स्वास्थ्य शिविरों में नि:शुल्क जांच, दवा वितरण, विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा बीपी, शुगर, कैंसर और सिकल सेल जैसी बीमारियों से संबंधित लोगों से शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारी के किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच कराकर आवश्यक उपचार प्राप्त करें।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में नजदीकी स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →