📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

मनेन्द्रगढ़ नगर विकास को मिली नई रफ्तार: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 4.89 करोड़ रुपये के 62 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 10, 20263 min read79 views
मनेन्द्रगढ़ नगर विकास को मिली नई रफ्तार: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 4.89 करोड़ रुपये के 62 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी), 10 जुलाई 2026। नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के विकास को नई गति देने की दिशा में शुक्रवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लगभग 4 करोड़ 89 लाख 58 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से नगर में सड़क, नाली, खेल अधोसंरचना तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा, जिससे आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला भाजपा अध्यक्ष चंपादेवी पावले, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वीकृत विकास कार्यों में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 90.70 लाख रुपये की लागत के 17 निर्माण कार्य, अधोसंरचना मद से 3 करोड़ रुपये की लागत के 44 विकास कार्य तथा वार्ड क्रमांक-18 स्थित स्टेडियम में मंच, गैलरी एवं पवेलियन निर्माण के लिए 98.88 लाख रुपये की लागत का महत्वपूर्ण कार्य शामिल है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नई सड़कें, बेहतर नालियां, खेल सुविधाओं का विस्तार और अन्य आधारभूत निर्माण कार्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक-18 के स्टेडियम में बनने वाले मंच, गैलरी और पवेलियन से स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि एमसीबी जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी और क्षेत्र को नई पहचान दिलाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने नगर के लिए स्वीकृत विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से मनेन्द्रगढ़ की आधारभूत सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा नगर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →