📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

एमसीबी के पत्रकार रविकांत सिंह राजपूत को राष्ट्रीय '40 अंडर 40' सम्मान, दिल्ली में होंगे सम्मानित

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 01, 20264 min read107 views
एमसीबी के पत्रकार रविकांत सिंह राजपूत को राष्ट्रीय '40 अंडर 40' सम्मान, दिल्ली में होंगे सम्मानित

मनेंद्रगढ़। पत्रकारिता जब समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनकर व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनती है, तब उसकी पहचान स्थानीय सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती है। इसी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के युवा एवं निर्भीक पत्रकार रविकांत सिंह राजपूत का चयन देश के प्रतिष्ठित समाचार 4 मीडिया '40 अंडर 40 अवॉर्ड्स-2026' के लिए किया गया है।

समाचार 4 मीडिया द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के चौथे संस्करण में देशभर के 40 वर्ष से कम आयु के उत्कृष्ट पत्रकारों में रविकांत सिंह राजपूत को भी स्थान मिला है। उन्हें आगामी 28 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि से न केवल एमसीबी जिला बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ और प्रदेश का पत्रकारिता जगत गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

कड़े मानकों पर हुआ चयन

'40 अंडर 40' मीडिया जगत का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान माना जाता है। इसके अंतर्गत प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया से जुड़े ऐसे युवा पत्रकारों का चयन किया जाता है, जिन्होंने अपनी निर्भीक रिपोर्टिंग, सामाजिक सरोकार, नेतृत्व क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई हो।

इस वर्ष विजेताओं का चयन देश के वरिष्ठ संपादकों, मीडिया विशेषज्ञों और प्रतिष्ठित पत्रकारों की उच्चस्तरीय जूरी द्वारा कई चरणों की गहन समीक्षा एवं कड़े मानकों के आधार पर किया गया। रविकांत सिंह राजपूत ने अपनी प्रभावी ग्राउंड रिपोर्टिंग, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के दम पर देश के शीर्ष 40 युवा पत्रकारों में स्थान बनाया।

दिल्ली में जुटेगा देश का मीडिया जगत

राष्ट्रीय सम्मान समारोह 28 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे से नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के सेमिनार हॉल में आयोजित होगा। इससे पहले सुबह 10 बजे से विशेष मीडिया कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित संपादक, मीडिया विशेषज्ञ और वरिष्ठ पत्रकार समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। समारोह में भारतीय मीडिया जगत की अनेक नामचीन हस्तियों की उपस्थिति रहेगी।

पहले भी मिल चुका है यूनिसेफ का सम्मान

रविकांत सिंह राजपूत की यह उपलब्धि उनके वर्षों से किए जा रहे जनपक्षधर, खोजी और संवेदनशील पत्रकारिता कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली एक और बड़ी पहचान है। इससे पूर्व उन्हें बच्चों के अधिकार, ग्रामीण शिक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर उत्कृष्ट ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनिसेफ द्वारा प्रतिष्ठित 'मीडिया फॉर चिल्ड्रन अवॉर्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने सुदूर वनांचल क्षेत्रों में अंधविश्वास के कारण बंद पड़े विद्यालयों को दोबारा खुलवाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पत्रकारिता हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को मंच देने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए जानी जाती है।

यूनिसेफ सम्मान के बाद अब '40 अंडर

40' जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सूची में शामिल होना उनके पत्रकारिता जीवन का एक और स्वर्णिम अध्याय माना जा रहा है।

रविकांत सिंह राजपूत ने जताया आभार

राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित होने पर रविकांत सिंह राजपूत ने कहा, "यूनिसेफ के बाद अब समाचार 4 मीडिया का यह राष्ट्रीय सम्मान मिलना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। यह पुरस्कार उन सभी आम लोगों के संघर्ष, उम्मीदों और विश्वास को समर्पित है, जिनकी आवाज को मैंने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से मंच देने का प्रयास किया। मीडिया जगत के वरिष्ठों के मार्गदर्शन तथा जिले के साथी पत्रकारों और प्रबुद्धजनों के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। भविष्य में भी पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ पत्रकारिता करता रहूंगा।"

रविकांत सिंह राजपूत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिले के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात कही है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →