कोरिया, 06 अक्टूबर 2026। जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस ने 05 अक्टूबर की रात जिलेभर में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए कुल 30 प्रकरणों में 48,100 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
यह संयुक्त अभियान थाना कोतवाली बैकुंठपुर, पुलिस चौकी बचरा पोंड़ी, थाना पटना, थाना चरचा, थाना सोनहत तथा जिला यातायात पुलिस द्वारा एक साथ संचालित किया गया।
मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 4 बुलेट जब्त
अभियान के दौरान बैकुंठपुर पुलिस ने तेज एवं पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 4 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया। प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के साइलेंसर से होने वाले अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण और सड़क पर उत्पन्न होने वाली असुविधा को देखते हुए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने काटे ई-चालान, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
जिला यातायात पुलिस द्वारा 20 प्रकरणों में 25,200 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया, जबकि 14 मामलों में ई-चालान की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले एक ऑटो चालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं परमिट शर्तों का उल्लंघन कर मालवाहक वाहनों में खतरनाक तरीके से सवारी ले जाने वाले 2 पिकअप वाहनों से 14,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा बिना नंबर प्लेट चल रहे 4 वाहनों से 1,200 रुपये, बिना हेलमेट एवं तीन सवारी के मामलों में 1,500 रुपये, नो-पार्किंग के मामले में 300 रुपये तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 2,700 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
पटना, सोनहत, चरचा और बचरा पोंड़ी में भी कार्रवाई

थाना पटना क्षेत्र में 14 प्रकरणों में 6,700 रुपये, थाना सोनहत में 3 प्रकरणों में 900 रुपये तथा थाना चरचा में एक पिकअप चालक से 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस चौकी बचरा पोंड़ी द्वारा सीट बेल्ट नहीं लगाने पर पिकअप चालक के विरुद्ध धारा 194(बी) के तहत 1,000 रुपये तथा सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित करने वाली पार्किंग के मामले में धारा 122/177 के तहत 500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
शराब के नशे में वाहन चलाने वालों की भी जांच
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की जान को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों की भी जांच की गई। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोरिया पुलिस की वाहन चालकों से अपील
कोरिया पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में मॉडिफाइड अथवा तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग न करें और कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर ही लगाएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन जब्ती, जुर्माना एवं नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। कोरिया पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
