📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

एकेडमिक हाइट पब्लिक स्कूल में योग और संतुलित आहार पर जागरूकता कार्यक्रम, 350 विद्यार्थियों ने सीखे स्वस्थ जीवन के सूत्र

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 23, 20262 min read23 views
एकेडमिक हाइट पब्लिक स्कूल में योग और संतुलित आहार पर जागरूकता कार्यक्रम, 350 विद्यार्थियों ने सीखे स्वस्थ जीवन के सूत्र

मनेन्द्रगढ़। एकेडमिक हाइट पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित एवं संस्कारित जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में "योग एवं संतुलित आहार" विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 350 विद्यार्थियों, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय प्रबंधन की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय, युवा योग प्रशिक्षक विवेक कुमार तिवारी तथा महिला योग प्रशिक्षिका श्रीमती नीलू सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम और संतुलित आहार के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

महिला योग प्रशिक्षिका श्रीमती नीलू सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत हथेली दर्शन एवं भूमि नमन मंत्र से कराई। उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़े इन परंपरागत अभ्यासों का महत्व बताते हुए बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही योग और प्राणायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को 'ॐ' के उच्चारण का वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि 'ॐ' के नियमित उच्चारण से उत्पन्न होने वाली ध्वनि तरंगें मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं।

इस अवसर पर युवा योग प्रशिक्षक विवेक कुमार तिवारी ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने भी योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए विषय आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को योग प्रशिक्षकों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने आमंत्रित योग प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य जागरूकता और नैतिक मूल्यों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →