📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

अवैध शराब के कारोबार पर साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की बड़ी कार्रवाई, 340 पाव गोवा व्हिस्की जब्त

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 11, 20264 min read106 views
अवैध शराब के कारोबार पर साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की बड़ी कार्रवाई, 340 पाव गोवा व्हिस्की जब्त (1/2)
1 / 2

मनेन्द्रगढ़, 10 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 340 नग गोवा अंग्रेजी व्हिस्की के पाव बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 61.2 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार 800 रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त किया है। शराब और वाहनों सहित कुल जब्त सामान की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस) एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

घुटरी टोला बॉरिअर के पास घेराबंदी कर पकड़े गए संदिग्ध

पुलिस के मुताबिक साइबर सेल टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब का अवैध रूप से परिवहन कर उसे खपाने की तैयारी में हैं। सूचना की तस्दीक के बाद साइबर सेल एवं थाना झगराखाण्ड की संयुक्त टीम ने घुटरी टोला बॉरिअर के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।

तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में 340 नग गोवा अंग्रेजी व्हिस्की के पाव बरामद हुए। प्रत्येक पाव 180 एमएल का है। इस तरह कुल 61.200 लीटर शराब पुलिस के हाथ लगी। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करते हुए परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी अपने कब्जे में लिया।

पौराधार शराब दुकान से जुड़ा कनेक्शन सामने आने का पुलिस का दावा

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शराब को पौराधार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से लाकर अवैध रूप से खपाने की जानकारी दी। मामले की जांच के दौरान पौराधार शराब दुकान के मैनेजर विनोद सिंह, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी पौराधार के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले में शराब की आपूर्ति एवं अवैध परिवहन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में निम्न आरोपियों को पकड़ा गया है—

राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रामबाबू, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, मनेन्द्रगढ़।

अरुण कुमार केवट, उम्र लगभग 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, मनेन्द्रगढ़।

विधि से संघर्षरत बालक।

विनोद सिंह, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी पौराधार, शराब दुकान मैनेजर।

प्रकरण में एक अन्य आरोपी के फरार होने की जानकारी पुलिस ने दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बरामद शराब एवं दोनों मोटरसाइकिलों को विधिवत जब्त कर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

एमसीबी जिला पुलिस ने अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब का परिवहन, भंडारण और बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार साइबर सेल द्वारा तकनीकी इनपुट, सूचना तंत्र एवं मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क में शामिल लोगों के साथ-साथ शराब की अवैध आपूर्ति के स्रोतों की भी जांच की जा रही है, ताकि अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला तक पहुंचा जा सके।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, प्रधान आरक्षक पुष्कल सिन्हा, आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक भूपेंद्र यादव, दीप नारायण तिवारी एवं राकेश तिवारी शामिल रहे।

वहीं थाना झगराखाण्ड की टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा, सहायक उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी खोंगापानी राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक शम्भू यादव, आरक्षक रवि शर्मा एवं वीरेंद्र गुप्ता तथा सैनिक कमलेश एवं रोहित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला पुलिस एमसीबी ने कहा है कि जिले में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →