मनेंद्रगढ़। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की आकांक्षा रहे शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ में गुरुवार को चिकित्सा शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत हुई। सेवा संकल्प अभियान 2026 के द्वितीय चरण के शुभारंभ के साथ मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का प्रवेश उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम परिसर में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं रक्तदान अभियान के तहत युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 19 यूनिट रक्तदान किया।
31 विद्यार्थियों को प्रवेश, मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई औपचारिक शैक्षणिक शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा स्वास्थ्य शिविर के निरीक्षण से हुई। इसके बाद शासकीय मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ के प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का प्रवेश कराया गया और उन्हें किट प्रदान की गई।
मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष के लिए कुल 50 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें राज्य कोटे की 31 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। इसके पश्चात स्वास्थ्य मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के द्वितीय चरण के अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
‘मेडिकल कॉलेज अब सपना नहीं, हकीकत’—स्वास्थ्य मंत्री

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज अब केवल सपना नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज की शुरुआत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता, रक्तदान और जनसेवा जैसे कार्यों के माध्यम से सेवा भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने कोरोना जैसी चुनौती का सामना किया और वैक्सीन तैयार कर भारत के साथ अन्य देशों को भी उपलब्ध कराई।
गरीब परिवारों तक पहुंची योजनाओं की सुविधाएं
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से राहत, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण जैसे कार्यों का उन्होंने उल्लेख किया।

50 विद्यार्थियों के साथ 50 शिक्षकों की व्यवस्था का प्रयास
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन लोगों को आशंका थी कि मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ से कहीं और चला जाएगा, उन्हें अब यहां दिखाई दे रही व्यवस्थाओं को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज में 50 विद्यार्थियों के साथ 50 शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जीवनदीप समिति के मानदेय में भी वृद्धि की गई है।
स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 19 यूनिट रक्त संग्रह
कार्यक्रम के दौरान जीवनदीप समिति द्वारा स्वास्थ्य मंत्री का महामाला से स्वागत किया गया। आयोजित स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं रक्तदान अभियान में 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम में योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नगर पंचायत लेदरी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, नगर पालिका मनेंद्रगढ़ अध्यक्ष प्रतिमा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह, नगर पंचायत झगराखांड अध्यक्ष रीमा यादव, जानकी बाई खुसरो, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, डीपीएम शिशिर जायसवाल, डॉ. स्वप्निल तिवारी, अस्पताल अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नवप्रवेशी मेडिकल छात्र एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
