एमसीबी। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला-संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन झगराखांड स्थित अम्बेडकर भवन में सुबह 10 बजे से होगा। इस उत्सव के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन करने के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उन्हें उपयुक्त मंच प्रदान करना तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले की सहभागिता सुनिश्चित करना है। जिला स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी एवं दल राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे।
विभिन्न विधाओं में दिखेगा युवाओं का हुनर
जिला स्तरीय युवा उत्सव में कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य (दलीय), चित्रकला (एकल), कविता लेखन (एकल), पारंपरिक वेशभूषा, नुक्कड़ नाटक (दलीय) और क्रिएटिव यूथ चैलेंज जैसी विधाएं शामिल हैं।
रॉक बैंड प्रतियोगिता का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा। इस विधा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर प्रस्तुति नहीं देनी होगी।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा
निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार, युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। दलीय विधाओं में संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं का पंजीयन 15 अक्टूबर से प्रारंभ हो चुका है। प्रतिभागियों को निर्धारित गूगल शीट के माध्यम से अपनी प्रविष्टि दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही My Bharat पोर्टल पर पंजीयन कराना भी अनिवार्य है।
पंजीयन लिंक: https://docs.google.com/spreadsheets/d/1pVhaXAGOt2fHcAGL2sa0qWXUM2EXRMh5DIIY_c0Dx1E/edit?usp=sharing
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में 500 शब्दों का निबंध अनिवार्य
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को ‘जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास’ (Tribal Leadership, Natural Resources & Inclusive Development) विषय पर 500 शब्दों का निबंध My Bharat पोर्टल पर प्रस्तुत करना होगा। निबंध का मूल्यांकन जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त विषय विशेषज्ञों की ओर से निर्धारित स्थल पर किया जाएगा।
एक प्रतिभागी किसी भी स्तर की प्रतियोगिता में केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। एक से अधिक विधाओं में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।
जिला स्तर पर विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
जिला स्तरीय युवा उत्सव में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों और दलों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक में चयनित प्रतिभागी एवं दल राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाना है।
युवाओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र युवाओं से युवा उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। यह आयोजन न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देगा, बल्कि उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने और बड़े मंचों पर जिले एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।
इच्छुक युवा समय रहते पंजीयन कराएं और 30 अक्टूबर को अम्बेडकर भवन, झगराखांड में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहें।
