एमसीबी, 07 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘युवा रत्न सम्मान योजना वित्तीय वर्ष 2026-27’ की घोषणा की है। योजना के तहत प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वैच्छिक संस्थाओं से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना का उद्देश्य युवाओं के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन देना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और सामाजिक योगदान को स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चयनित युवाओं एवं संस्थाओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
‘युवा रत्न सम्मान’ के लिए सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा।
प्रत्येक चयनित युवा को 1 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि, पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान में 5 लाख तक की राशि
योजना के अंतर्गत ‘विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’ भी प्रदान किया जाएगा। इसमें विशिष्ट सेवा कार्य के लिए चयनित व्यक्तिगत श्रेणी के युवा को 2.50 लाख रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी।
वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वैच्छिक संस्था/संगठन को 5 लाख रुपए की विशेष सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
15 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
योजना के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है। निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2026 को न्यूनतम 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा 31 मार्च 2027 को 29 वर्ष से कम होना आवश्यक है।
30 अक्टूबर तक जिला खेल अधिकारी कार्यालय में जमा करें आवेदन
इच्छुक एवं पात्र युवा तथा स्वैच्छिक संगठन निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला एमसीबी में आवेदन जमा कर सकते हैं।
यह सम्मान प्रदेश के उन युवाओं और संस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज, शिक्षा, खेल, संस्कृति, पर्यावरण, विज्ञान अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
