मनेंद्रगढ़/एमसीबी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग मनेंद्रगढ़ की टीम ने थाना मनेंद्रगढ़ अंतर्गत ग्राम लालपुर में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 254 पाव (लगभग 45.720 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा सेल शराब जब्त की गई।
पहले प्रकरण में आबकारी टीम ने अशोक (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय लाले के कब्जे से 228 पाव (लगभग 41.040 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा सेल शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दूसरे प्रकरण में गोविंदा, पिता सूर्यमणी के पास से 26 पाव (लगभग 4.680 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा सेल शराब जब्त की गई। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 36 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापामार अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, परिवहन अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में विवेचना अधिकारी शिवेंद्र सिंह मरावी, जनक राम जगत एवं बनवारी लाल पांडे, प्रधान आरक्षक विनोद मिश्रा, सुदर्शन चौधरी, सुजीत यादव, रामेश्वर सिंह, अमीर साय, आकाश सोनी एवं रश्मि किरण तथा वाहन चालक आशीष मिंज एवं अभिषेक त्रिपाठी का सराहनीय योगदान रहा।
