एमसीबी/खड़गवां। जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कदरेवा और छाताडांड क्षेत्र के ग्रामीणों को शनिवार को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने विभिन्न सड़क, पुल-पुलिया और गौरव पथ निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मंत्री जायसवाल ने प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विकास कार्यों की शुरुआत से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
तीन बड़े पुल बदलेंगे आवागमन की तस्वीर
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया और गौरव पथ सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें अलग-अलग स्थानों पर तीन बड़े पुलों का निर्माण शामिल है।
इनमें एक पुल के निर्माण पर लगभग 5 करोड़ रुपये, दूसरे पर करीब 3 करोड़ रुपये तथा तीसरे पुल के निर्माण पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ बरसात के दिनों में नदी-नालों के कारण उत्पन्न होने वाली आवागमन की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

पुल निर्माण से गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा और ग्रामीणों की आवाजाही अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगी।
पांच गौरव पथ और सीसी सड़कों से मजबूत होगा नेटवर्क
क्षेत्र में पांच गौरव पथ के निर्माण कार्य भी प्रस्तावित हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सीसी सड़क सह नाली निर्माण के कार्य भी किए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मंत्री के अनुसार इन सभी विकास कार्यों को मिलाकर करीब 25 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया है। वहीं, लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक पुल का लोकार्पण भी किया गया।

बरसात में सबसे बड़ी राहत की उम्मीद
ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क और पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। बारिश के मौसम में नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती थी। ऐसे में नए पुलों और सड़कों के निर्माण को ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाएं मजबूत करना प्राथमिकता : जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, पुल-पुलिया और गौरव पथ जैसे निर्माण कार्य ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरतों से सीधे जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और पुल की सुविधा मिलने से ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही आसान होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भारी बारिश के बावजूद विकास कार्यों की शुरुआत को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से अपेक्षित सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की स्वीकृति और शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विकास कार्य एक नजर में

मुख्य मार्ग से अंबेडकर पारा — सीसी सड़क सह नाली निर्माण, 200 मीटर, लागत ₹23.91 लाख
हरि सेठ दुकान से करवां पहुंच मार्ग — सीसी सड़क सह नाली निर्माण, 300 मीटर, लागत ₹32.29 लाख
दुकानपारा से बड़का पारा-अंगद पहुंच मार्ग — सीसी सड़क सह नाली निर्माण, लागत ₹31.46 लाख
मेरो कदरेवा PWD रोड से छाताडांड — वृहद पुल निर्माण, 60 मीटर, लागत ₹384.26 लाख
बरहमपुर कदरेवा PMGSY रोड से नवापारा स्कूल मार्ग — वृहद पुल निर्माण, 60 मीटर, लागत ₹184.94 लाख
कुल स्वीकृत राशि : ₹656.86 लाख
