📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्ज़री इनोवा से 234 लीटर अवैध शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 07, 20263 min read69 views
रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्ज़री इनोवा से 234 लीटर अवैध शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

अनूपपुर/मध्य प्रदेश।प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अनूपपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के निर्देशन में थाना रामनगर पुलिस ने देर रात सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्ज़री टोयोटा इनोवा से 234 लीटर अवैध शराब बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात लगभग 12:30 से 1:00 बजे के बीच थाना रामनगर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक टोयोटा इनोवा वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल रणनीति बनाकर नाकाबंदी की गई और क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध टोयोटा इनोवा वाहन क्रमांक CG 08 0991 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की एवं अंदर से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में वाहन सवार व्यक्तियों ने अपनी पहचान मो. सोएब ख़ान उर्फ पप्पू, मो. राजिक उर्फ राज तथा रामू बंसल, निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जमुना क्षेत्र से शराब लेकर छत्तीसगढ़ में खपाने के उद्देश्य से जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 पेटी गोवा शराब (198 लीटर) तथा 3 पेटी बोल्ट बीयर (36 लीटर) सहित कुल 234 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 58 हजार 580 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इनोवा कार, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 से 15 लाख रुपये है, उसे भी जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मो. सोएब ख़ान उर्फ पप्पू (42 वर्ष), मो. राजिक उर्फ राज (30 वर्ष) तथा रामू बंसल (19 वर्ष) शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी तथा इस तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक, एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, निरंजन खलखो, राहुल प्रजापति, योगेन्द्र मिश्रा, हरीश तथा आरक्षक अनुराग सिंह, भानुप्रताप एवं मुमताज की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →