📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

केल्हारी में शॉर्ट सर्किट से मोबाइल दुकान में भीषण आग, 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख; पीड़ित दुकानदार ने जांच और मुआवजे की लगाई गुहार

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 07, 20262 min read74 views
केल्हारी में शॉर्ट सर्किट से मोबाइल दुकान में भीषण आग, 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख; पीड़ित दुकानदार ने जांच और मुआवजे की लगाई गुहार

केल्हारी। विकासखंड केल्हारी स्थित अटल चौक में एक मोबाइल दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने दुकानदार की वर्षों की मेहनत को कुछ ही देर में राख में तब्दील कर दिया। इस आगजनी की घटना में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के नए मोबाइल फोन, मोबाइल एसेसरीज, फर्नीचर, रिपेयरिंग उपकरण सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत थाना केल्हारी में दर्ज कराते हुए घटना की निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार घटना 29 जून 2026 की रात्रि की है। अटल चौक स्थित बबलू मोबाइल दुकान के संचालक बबलू साहू प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर अपने गृह ग्राम सेमरिया चले गए थे। रात लगभग 10:40 बजे केल्हारी निवासी राकेश गुप्ता ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही बबलू साहू तत्काल केल्हारी पहुंचे और दुकान का शटर खोला तो अंदर से आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, परंतु तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

दुकानदार द्वारा थाना केल्हारी में दी गई लिखित सूचना के अनुसार आगजनी में करीब 11.50 लाख रुपये मूल्य के नए मोबाइल सेट, 6 लाख रुपये की मोबाइल एसेसरीज, लगभग 2 लाख रुपये का फर्नीचर (दो कांचयुक्त काउंटर, चार आलमारियां एवं तीन कांच के शो-केस), 50 हजार रुपये के रिपेयरिंग टूल्स तथा काउंटर में रखे 500 रुपये नकद सहित कुल लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

पीड़ित बबलू साहू ने आवेदन में बताया है कि यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी। इसी व्यवसाय से वे अपने बच्चों तथा वृद्ध माता-पिता का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस आगजनी से उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।

दुकानदार ने प्रशासन एवं पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने, उचित कार्रवाई करने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार को राहत प्रदान करने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →