📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

2 अगस्त से एमसीबी में शुरू होगा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल दिलाएंगे नशामुक्ति की शपथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का शुभारंभ, जिले के छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों की रहेगी व्यापक सहभागिता

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jul 31, 20263 min read24 views
2 अगस्त से एमसीबी में शुरू होगा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल दिलाएंगे नशामुक्ति की शपथ

मनेंद्रगढ़/एमसीबी, 31 जुलाई 2026। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से जिले में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ 2 अगस्त (रविवार) को किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मनेंद्रगढ़ में होगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे। उनके मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के छात्र-छात्राएं, युवा, शिक्षक, प्राचार्य, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, माय भारत वालंटियर्स सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी तथा नशे के खिलाफ जनजागरूकता का व्यापक संदेश दिया जाएगा।

यह आयोजन संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। इसके माध्यम से युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मअनुशासन की भावना को भी सुदृढ़ किया जाएगा।

कार्यक्रम की विशेष बात यह होगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर युवाओं को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन के साथ ही ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद यह अभियान लगातार 100 दिनों तक प्रत्येक रविवार संचालित किया जाएगा। इस अवधि में नशे के विरुद्ध जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण, संवाद कार्यक्रम, खेल गतिविधियां तथा जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।

जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान केवल नशे के खिलाफ जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं में सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को भी नई दिशा देगा। जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल साबित होगा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →