शराबी वाहन चालकों और नाबालिग ड्राइवरों पर मनेंद्रगढ़ पुलिस का शिकंजा, 18 मामलों में कार्रवाई

नशे में वाहन चलाने वाले 7 और नाबालिगों के वाहन चलाने के 11 मामले दर्ज, वाहनों की जब्ती के साथ न्यायालयीन कार्रवाई

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 24, 20263 min read66 views
शराबी वाहन चालकों और नाबालिग ड्राइवरों पर मनेंद्रगढ़ पुलिस का शिकंजा, 18 मामलों में कार्रवाई

एमसीबी। सड़क सुरक्षा को लेकर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में यातायात जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने के मामलों में विशेष कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, नशे में वाहन चलाने के मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने के कुल 7 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई। इनमें थाना मनेंद्रगढ़ में 3, चिरमिरी में 2 और जनकपुर में 2 मामले शामिल हैं। संबंधित वाहनों को जब्त कर नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में माननीय न्यायालय के समक्ष 10 हजार रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई कराई जा रही है।

नाबालिग वाहन चालकों पर भी शिकंजा

पुलिस ने नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामलों को भी गंभीरता से लिया है। अभियान के दौरान कुल 11 मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इनमें मनेंद्रगढ़ के 4, खड़गवां के 4, जनकपुर के 2 और झगराखंड का 1 मामला शामिल है।

नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने के मामलों में संबंधित दोपहिया वाहनों को जब्त किया जा रहा है। साथ ही वाहन मालिकों एवं अभिभावकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई कराई जा रही है।

पुलिस ने अभिभावकों से की विशेष अपील

जिला पुलिस ने कहा है कि शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इसी तरह नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति देना भी सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ाता है।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य वाहन चलाने के लिए न दें। साथ ही वाहन चलाते समय दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

कार्रवाई के साथ सुरक्षित यातायात पर जोर

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देशन में जिले में यातायात जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देकर उनके साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में न डालें।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →