📰 CGFILE — ब्रेकिंग न्यूज़ का आपका विश्वसनीय स्रोत

हरित मनेन्द्रगढ़ की ओर सशक्त कदम: 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी ने शुरू किया 1000 पौधों के वृक्षारोपण का अभियान

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Jun 30, 20262 min read54 views
हरित मनेन्द्रगढ़ की ओर सशक्त कदम: 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी ने शुरू किया 1000 पौधों के वृक्षारोपण का अभियान

पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का दिया संदेश, जवानों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने मिलकर लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प

एमसीबी, 30 जून 2026। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, चैनपुर-मनेन्द्रगढ़ द्वारा दो दिवसीय विशेष वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। 29 एवं 30 जून 2026 को आयोजित इस अभियान में वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

यह अभियान तेजस्वनी महिला मंडल, मारवाड़ी युवा संघ एवं ग्रीन वैली फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व को समाज तक पहुंचाना भी रहा।

अभियान के दौरान वाहिनी के जवानों ने जल संवर्धन के लिए निर्मित स्टॉप डैम एवं तालाबों के किनारे फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। साथ ही इन पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया गया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती प्रदान कर सकें।

'हरित मनेन्द्रगढ़' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में इस अभियान को एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अभियान के अंतर्गत लगभग 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे न केवल क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ेगा, बल्कि भूजल स्तर के संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

इस अवसर पर 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा, सहायक सेनानी कुलचंद्र मिंज, सहायक सेनानी अविनाश अग्निहोत्री, कंपनी कमांडर आदेश कुमार दोहरे तथा पालेश्वर धृतलहरे उपस्थित रहे।

वहीं तेजस्वनी महिला मंडल की अनीता फरसानिया एवं प्रिया विश्वकर्मा, ग्रीन वैली फाउंडेशन के संजय गायकवाड़, नरोत्तम शर्मा तथा मोतीलाल यादव सहित बड़ी संख्या में वाहिनी के जवान, उनके परिवारजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति की रक्षा केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। इसी भावना के साथ यह अभियान आने वाले समय में भी निरंतर जारी रहेगा।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →