मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, । जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से एमसीबी पुलिस द्वारा गुरुवार की सुबह विशेष कांबिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले के तीनों पुलिस सब-डिवीजन मनेंद्रगढ़, चिरमिरी एवं जनकपुर में एक साथ सरप्राइज चेकिंग की गई। इस व्यापक अभियान में लगभग 150 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लेकर चिन्हित क्षेत्रों में सघन तलाशी, सत्यापन एवं जांच की कार्रवाई की।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (आईपीएस) के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन में यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के समग्र नेतृत्व में संचालित किया गया। वहीं चिरमिरी में नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका मिंज तथा जनकपुर में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अलेक्सियुस टोप्पो के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से विशेष अभियान प्रारंभ किया गया।
अभियान के दौरान चिन्हित मोहल्लों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विदेशी प्रवासी नागरिकों का सत्यापन किया गया। साथ ही आदतन अपराधियों, निगरानीशुदा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की गहन जांच की गई। पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्रों में उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर आदतन अपराधियों का सत्यापन करते हुए उनके वर्तमान निवास, गतिविधियों एवं आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी एकत्रित की।
पुलिस टीमों ने अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों, प्रतिबंधित इंजेक्शनों की बिक्री, मारपीट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखते हुए जांच-पड़ताल की। विदेशी नागरिकों के सत्यापन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनके आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा स्थानीय नागरिकों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत किरायेदारों के सत्यापन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगभग 90 मकान मालिकों के मोबाइल में "समाधान" ऐप डाउनलोड कराया गया। पुलिस ने मकान मालिकों को ऐप के माध्यम से किरायेदारों की जानकारी दर्ज करने एवं सत्यापन प्रक्रिया अपनाने के लिए जागरूक किया, ताकि भविष्य में किसी भी अवांछित अथवा संदिग्ध व्यक्ति की पहचान आसानी से की जा सके।
थाना मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में थाना मनेंद्रगढ़, झगराखाण्ड थाना, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के संयुक्त पुलिस बल ने मौहरपारा मोहल्ले में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया। वहीं थाना चिरमिरी क्षेत्र में चिरमिरी थाना, पौड़ी चौकी, नागपुर चौकी, कोरिया चौकी एवं खड़गवां थाना पुलिस ने हल्दीबाड़ी एवं बड़ी बाजार क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग की। इसी प्रकार थाना जनकपुर एवं कोटाडोल थाना पुलिस ने आवासपारा एवं खाल्हेपारा सहित चिन्हित क्षेत्रों में सघन जांच एवं सत्यापन अभियान संचालित किया।
इस विशेष अभियान में कोतवाली मनेंद्रगढ़, झगराखाण्ड, जनकपुर, चिरमिरी, पौड़ी, खड़गवां एवं कोटाडोल के थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। अभियान के दौरान आम नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के लिए इस प्रकार के विशेष कांबिंग गश्त, सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
