एमसीबी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) ने नागरिकों से हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यदि किसी भी प्रकार की दुर्घटनाजनक या जोखिमपूर्ण स्थिति दिखाई दे तो उसकी तत्काल सूचना डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके।
जिला पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाएं केवल आवारा पशुओं के कारण ही नहीं होतीं, बल्कि वाहन चालकों की लापरवाही, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क पर मौजूद अन्य जोखिम भी गंभीर हादसों का कारण बनते हैं। नागरिकों की सजगता और समय पर दी गई सूचना कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पुलिस ने बताया कि हाईवे पर दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में सड़क पर बैठे या अचानक सड़क पार करते आवारा पशु, सड़क किनारे ट्रक, ट्रेलर, बस एवं अन्य भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों पर रिफ्लेक्टर, पार्किंग लाइट अथवा वार्निंग ट्रायंगल का उपयोग नहीं करना, तेज गति से वाहन चलाना, लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करना, गलत दिशा में वाहन चलाना, शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करना शामिल हैं।
इसके अलावा चालक को नींद आना, लंबी दूरी तय करने के कारण थकान, कोहरे, बारिश अथवा रात्रि में कम दृश्यता के दौरान असावधानी, वाहन की तकनीकी खराबी जैसे ब्रेक फेल या टायर फटना, सड़क पर गड्ढे या निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त संकेतकों का अभाव, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का उपयोग न करना, बिना इंडिकेटर लेन बदलना या अचानक यू-टर्न लेना, हाईवे पर पैदल यात्रियों एवं धीमी गति वाले वाहनों का असुरक्षित आवागमन तथा स्टंटबाजी एवं खतरनाक ड्राइविंग जैसी गतिविधियां भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि इन परिस्थितियों के कारण आमने-सामने की टक्कर, पीछे से टक्कर, वाहन पलटने तथा गंभीर जनहानि की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे हादसों को रोकने के लिए नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
जिला पुलिस एमसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि हाईवे पर सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े भारी वाहन, सड़क पर बैठे या घूमते आवारा पशु, दुर्घटनाग्रस्त या खराब वाहन, स्टंटबाजी करते वाहन चालक अथवा कोई अन्य जोखिमपूर्ण स्थिति दिखाई दे तो बिना विलंब डायल-112 पर सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि आपकी एक सतर्क सूचना किसी बड़े हादसे को टाल सकती है और कई लोगों की अमूल्य जान बचा सकती है। इसलिए स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।
जिला पुलिस एमसीबी का संदेश है— "सतर्क नागरिक बनें, सुरक्षित यातायात अपनाएं और आपात स्थिति में डायल-112 का अधिक से अधिक उपयोग करें।"
