एमसीबी/27 अक्टूबर 2026। जिले में लंबित आपराधिक प्रकरणों के निराकरण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पोंड़ी पुलिस ने करीब 11 माह से फरार चल रहे आरोपी संतोष कोड़ाकू उर्फ देवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी रवि कुमार कुजूर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में लंबित मामलों के निराकरण और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना पोंड़ी में दर्ज प्रकरण में फरार आरोपी की तलाश तेज की गई। मामले में घटना दिनांक 3 दिसंबर 2025 से आरोपी संतोष कोड़ाकू लगातार फरार चल रहा था।
नागपुर चौकी की टीम ने आरोपी को पकड़ा
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी के निर्देशन तथा नागपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुनील तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए संतोष कोड़ाकू उर्फ देवार, पिता बेचन कोड़ाकू, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम मंडलपारा (मउहारी), थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मामले में घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए लोहे के रॉड को भी जब्त किया है। आरोपी को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में नागपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुनील तिवारी, प्रधान आरक्षक मुमताज खान, संजय पाण्डेय, आरक्षक अखिलेश जायसवाल सहित नागपुर चौकी के अन्य पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।
