अब बहाने नहीं, चाहिए 100% रिजल्ट: भरतपुर में प्राचार्यों की चार घंटे चली मैराथन समीक्षा बैठक

डीईओ रविकांत यादव और एसडीएम शशि शेखर मिश्रा ने चार घंटे की मैराथन समीक्षा बैठक में प्राचार्यों को दिए कड़े निर्देश

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Sep 10, 20264 min read56 views
अब बहाने नहीं, चाहिए 100% रिजल्ट: भरतपुर में प्राचार्यों की चार घंटे चली मैराथन समीक्षा बैठक

एमसीबी/10 सितंबर 2026। विकासखंड भरतपुर में विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार लाने और आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 में शत-प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू द्वारा वृहद समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एमसीबी रविकांत यादव एवं एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा की मौजूदगी में आयोजित यह बैठक करीब चार घंटे तक चली, जिसमें जिले एवं विकासखंड स्तर के शिक्षा अधिकारियों के साथ सभी संकुल प्राचार्यों, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा संकुल शैक्षिक समन्वयकों ने भाग लिया।

त्रैमासिक परीक्षा की तैयारियों पर विशेष जोर

बैठक में डीईओ रविकांत यादव ने आगामी त्रैमासिक परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम को समय-सीमा में पूर्ण कराने, परीक्षा का सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने तथा मूल्यांकन में पूर्ण निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन तथा उनके शैक्षिक स्तर की निरंतर निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए विशेष शैक्षणिक प्रयास किए जाएं।

शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति और अनुशासन पर सख्ती

डीईओ ने VSK ऐप पर शिक्षकों का शत-प्रतिशत पंजीयन, ऑनलाइन माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने तथा अवकाश आवेदन की ऑनलाइन स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमितता और शैक्षणिक दायित्वों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्राचार्यों को अपने-अपने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और कक्षा संचालन की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।

माय भारत से लेकर यू-डाइस और छात्रवृत्ति तक की समीक्षा

बैठक में माय भारत पोर्टल पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन, यू-डाइस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं की एंट्री, छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

डीईओ ने कहा कि शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

अपार आईडी और MBU अपडेटेशन में तेजी के निर्देश

अधिकारियों ने अपार आईडी निर्माण, आवश्यक कार्यों में तेजी लाने और अनिवार्य MBU अपडेटेशन का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। सभी प्राचार्यों से वन-टू-वन जानकारी लेकर लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।

अब बहाने नहीं, चाहिए 100% रिजल्ट: भरतपुर में प्राचार्यों की चार घंटे चली मैराथन समीक्षा बैठक (2)

इसके अलावा प्रशस्त ऐप पर पंजीयन, स्वच्छ हरित विद्यालय पंजीयन, पीएम ई-विद्या डिजिटल कार्यक्रम तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में किचन गार्डन स्थापित करने सहित अन्य विभागीय गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने सभी आवश्यक जानकारियां निर्धारित समय-सीमा में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

डीईओ रविकांत यादव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने अथवा शैक्षणिक दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले प्राचार्यों एवं शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर को सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कक्षा में जाने से पहले विषय की तैयारी जरूरी : एसडीएम

एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा ने प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्धता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण अध्यापन को शिक्षा व्यवस्था की प्राथमिकता बताया।

उन्होंने विषय शिक्षकों द्वारा कक्षा में जाने से पूर्व विषय की पर्याप्त तैयारी करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी शैक्षिक कैलेंडर के अनुरूप विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन-अध्यापन कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।

शत-प्रतिशत परिणाम के लिए प्राचार्यों की जवाबदेही तय

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिया कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए विद्यालय स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा। विद्यार्थियों की उपस्थिति, विषयवार प्रगति, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान, नियमित मूल्यांकन और शिक्षकों की जवाबदेही पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला सांख्यिकी अधिकारी अनिरुद्ध शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सच्चिदानंद साहू, विकासखंड स्रोत समन्वयक देवेंद्र गुप्ता सहित विकासखंड भरतपुर के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →