मनेंद्रगढ़/एमसीबी, 09 अगस्त 2026। दादी प्रकाशमणि जी के स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का व्यापक आह्वान किया जा रहा है। इसी क्रम में ब्रह्माकुमारीज मनेंद्रगढ़ द्वारा रविवार को हल्दीबाड़ी भूमिगत खदान, SECL हसदेव क्षेत्र में विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में SECL के एरिया जनरल मैनेजर मनोज बिश्नोई, हल्दीबाड़ी भूमिगत खदान के कॉलरी मैनेजर रुपज्योति बरुआ, कंपनी सेफ्टी बोर्ड मेंबर आनंद मिश्रा, ब्रह्माकुमारी माधुरी एवं ब्रह्माकुमारी अनिता सहित खदान के अधिकारी, कर्मचारी, स्टाफ एवं श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं को प्रत्येक प्रकार के नशे से दूर रखने तथा अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्त वातावरण बनाने का संकल्प लिया। साथ ही कम से कम 10 अन्य लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली गई।
नशामुक्त समाज निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी माधुरी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए केवल व्यक्तिगत स्तर पर नशा छोड़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक और प्रेरित करना होगा।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं सभी प्रकार के नशों से दूर रहें, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं और अपने परिवार में नशामुक्त वातावरण का निर्माण करें। साथ ही मित्रों, सहकर्मियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी “नशामुक्त वीर” बनने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 अन्य नागरिकों को नशामुक्ति के संकल्प से जोड़े, तो यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है और समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
राजयोग मेडिटेशन और सकारात्मक जीवन-मूल्यों पर जोर
ब्रह्माकुमारीज द्वारा संचालित इस अभियान में नशे से दूर रहने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें रचनात्मक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
अगस्त-सितंबर तक चलेगा देशव्यापी महाअभियान
ब्रह्माकुमारी माधुरी ने बताया कि “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान देशभर में चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जनजागरूकता, सकारात्मक जीवन-मूल्यों, राजयोग मेडिटेशन, युवा सहभागिता और उत्तरदायी नागरिकता को बढ़ावा देते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे बनें राष्ट्रीय नशामुक्ति अभियान का हिस्सा
राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान से जुड़ने के लिए नागरिक WhatsApp नंबर 9414154000 पर संदेश भेज सकते हैं। इसके लिए संदेश में “PLEDGE” लिखकर भेजना होगा। इसके अलावा अभियान के आधिकारिक QR Code को स्कैन कर राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा लेकर इस जनअभियान का हिस्सा बना जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने नशामुक्त भारत के निर्माण को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, सुरक्षित समाज और विकसित राष्ट्र की दिशा में आवश्यक सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
