डीआरएम के मनेंद्रगढ़ दौरे पर रेलवे मजदूर कांग्रेस ने सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

रेलवे कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल, नया चिकित्सालय भवन, आवास निर्माण और कर्मचारियों की सुविधाओं समेत विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

Aug 22, 20263 min read114 views
डीआरएम के मनेंद्रगढ़ दौरे पर रेलवे मजदूर कांग्रेस ने सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

मनेंद्रगढ़। बिलासपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन के मनेंद्रगढ़ आगमन पर साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस, बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत किया। संगठन के अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री एवं शाखा प्रभारी राजेश खोबरागढ़े के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मनेंद्रगढ़ एवं बिजुरी रेल क्षेत्र के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित 10 सूत्रीय ज्ञापन डीआरएम को सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में शाखा सचिव खुर्शीद आलम, राघवेंद्र वर्मा, प्रभु केरकट्टा, हरिनारायण श्रीवास्तव एवं के. लोकेश्वर राव शामिल रहे। इस दौरान मजदूर कांग्रेस के केंद्रीय नेता राजेश खोबरागढ़े ने डीआरएम के समक्ष ज्ञापन में शामिल मांगों पर बिंदुवार चर्चा की तथा रेल कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग रखी।

स्वच्छ पेयजल से लेकर नए चिकित्सालय भवन तक की मांग

मजदूर कांग्रेस ने मनेंद्रगढ़ रेलवे कॉलोनी में लगातार गंदे पानी की आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल कार्रवाई कर कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने मनेंद्रगढ़ स्थित रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय के पुराने भवन का उल्लेख करते हुए नए और आधुनिक रेलवे चिकित्सालय भवन के निर्माण की मांग भी रखी।

रेल आवासों और खेल सुविधाओं को लेकर भी मांग

डीआरएम के मनेंद्रगढ़ दौरे पर रेलवे मजदूर कांग्रेस ने सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन (2)

ज्ञापन में मनेंद्रगढ़ एवं बिजुरी के रेलवे आवासों के ऊपर मौजूद खतरनाक पेड़ों की तत्काल छंटाई कराने, रेलवे खेल मैदान मनेंद्रगढ़ में हाईमास्ट लाइट लगाने तथा कर्मचारियों के लिए खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की गई।

इसके अलावा खाटू श्याम मंदिर से रेलवे कॉलोनी तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई, ताकि रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मनेंद्रगढ़ से ही सीक एवं फिट प्रमाण-पत्र की सुविधा की मांग

रेल कर्मचारियों की सुविधा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण मांग में कहा गया कि कर्मचारियों को सीक एवं फिट प्रमाण-पत्र के लिए बिलासपुर जाने के बजाय मनेंद्रगढ़ से ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे कर्मचारियों को अनावश्यक यात्रा और समय की परेशानी से राहत मिल सकेगी।

रेलवे संस्कृति निकेतन के लिए विशेष बजट की मांग

डीआरएम के मनेंद्रगढ़ दौरे पर रेलवे मजदूर कांग्रेस ने सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन (2)

मजदूर कांग्रेस ने मनेंद्रगढ़ स्थित रेलवे संस्कृति निकेतन के लिए विशेष बजट का प्रावधान कर उसे सर्वसुविधायुक्त बनाने की मांग की। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण है।

बिजुरी-बौरीडांड में स्टाफ की कमी दूर करने पर जोर

ज्ञापन में बिजुरी-बौरीडांड क्षेत्र के परिचालन विभाग में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। मजदूर कांग्रेस ने पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था कर परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की।

इसके साथ ही मनेंद्रगढ़ एवं बिजुरी में नए रेलवे आवासों का निर्माण कराने तथा सूरजपुर और बिजुरी स्थित रेलवे कार्यालयों में मोटरसाइकिल स्टैंड का निर्माण कराने की मांग भी रखी गई।

रेलवे मजदूर कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि डीआरएम राकेश रंजन द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं और स्थानीय रेल क्षेत्र की जरूरतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह लेख शेयर करें:

Twitter Facebook LinkedIn📱 WhatsApp

रिपोर्टर के बारे में

रिपोर्टर: सुरेंद्र मिनोचा

लोकेशन: —

सभी लेख देखें →